जागरूक पंजाब न्यूज नेटवर्क
जालंधर/चंडीगढ़ : राहुल गांधी को लेकर भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की टिप्पणी के बाद पंजाब की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बिट्टू को जवाब दिया है। वड़िंग ने लिखा, “रवनीत बिट्टू, मेरी एक सच्ची सलाह है- आप गलत आदमी से उलझ रहे हैं।”
वड़िंग ने पोस्ट में राहुल गांधी को अपना नेता बताते हुए कहा कि वह केवल उनके नेता नहीं हैं, बल्कि देश के नेता हैं और लोगों में उम्मीद जगाने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने खुद को अवसरवादी के बजाय राहुल गांधी का वफादार बताया। वड़िंग ने कहा कि उन्होंने अच्छे और बुरे दोनों समय में राहुल गांधी का साथ दिया है और आगे भी देते रहेंगे। उन्होंने बिट्टू को याद दिलाते हुए कहा कि राहुल गांधी ने न केवल उनका साथ दिया, बल्कि बिट्टू का भी साथ दिया था। वड़िंग के मुताबिक राहुल गांधी ने उन पर भरोसा किया और उन्हें तथा बिट्टू को बहुत कुछ दिया, जिसे पूरी तरह स्वीकार करना भी संभव नहीं है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव और वड़िंग के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफे को लेकर राजनीतिक घटनाक्रम चल रहा है। 30 सितंबर को वड़िंग के इस्तीफे की खबर सामने आई थी। इसके बाद वह दिल्ली पहुंचे और राहुल गांधी से मुलाकात की संभावना को लेकर भी चर्चा है।
जानिए… बिट्टू ने राहुल गांधी को लेकर क्या कहा?
रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर “use and throw policy” की टिप्पणी की थी। इसी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए राजा वड़िंग ने उन्हें निशाने पर लिया और कहा कि वह अवसरवादी नहीं, बल्कि राहुल गांधी के प्रति वफादार हैं। यह पहली बार नहीं है जब दोनों नेताओं के बीच राहुल गांधी को लेकर सार्वजनिक तौर पर तीखी बयानबाजी हुई है। फरवरी 2026 में संसद परिसर में राहुल गांधी और बिट्टू के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद भी दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप हुए थे।






