दिवाली से पहले सात ठिकानों पर PMLA के तहत तलाशी; सरकारी जमीन के रिकॉर्ड में कथित हेरफेर कर 1.01 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा लेने के मामले में जांच
परिवार और सहयोगियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
जालंधर/मोगा : प्रवर्तन निदेशालय (ED) के चंडीगढ़ जोनल कार्यालय ने मोगा से आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों से जुड़े सात ठिकानों पर 4 नवंबर 2026 को तलाशी अभियान चलाया। मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई इस कार्रवाई के बाद ईडी ने 6 नवंबर को जारी अपने प्रेस नोट में दावा किया कि तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जो विधायक और उनके सहयोगियों द्वारा कथित तौर पर बेनामी संपत्तियां अर्जित किए जाने की ओर संकेत करते हैं।
ईडी के अनुसार, यह जांच मोगा जिले के धर्मकोट थाना में पंजाब पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी। मामला गांव अधरमां की सरकारी जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेरफेर से जुड़ा है। इस जमीन का अधिग्रहण नेशनल हाईवे नंबर 754A के लिए किया गया था। आरोप है कि रिकॉर्ड में गड़बड़ी के आधार पर 1,00,65,724 रुपये का मुआवजा गलत तरीके से जारी करवाया गया।
ईडी ने बताया कि यह राशि दिलकुश कुमारी के बैंक खाते में जमा हुई थी, जिसे बाद में बैंक की ओर से फ्रीज कर दिया गया। एजेंसी की जांच में विधायक, उनके पति और अन्य सहयोगियों की कथित भूमिका सामने आने का दावा किया गया है। ईडी के मुताबिक, इन लोगों ने मुआवजे की रकम को दूसरी जगह भेजने और उसका दुरुपयोग करने में कथित तौर पर मदद की।
सरकारी और संस्थागत जमीनों के हस्तांतरण की भी जांच
ईडी के प्रेस नोट के अनुसार, जांच में कई सरकारी, नगर निगम और धर्मार्थ संस्थाओं की संपत्तियों के कथित फर्जी अधिग्रहण और हस्तांतरण का भी पता चला है। इनमें जीरा रोड पर केंद्र सरकार की 13 मरले जमीन, सिविल लाइंस में पंजाब सरकार की 7 मरले जमीन, रेलवे रोड पर मार्केट कमेटी की 6 मरले जमीन, मोगा के मेहना सिंह-3 में नगर निगम की 3 कनाल 16 मरले जमीन और यूनाइटेड चर्च ऑफ नॉर्दर्न इंडिया ट्रस्ट एसोसिएशन की 52 मरले 8 सरसाही जमीन शामिल हैं। एजेंसी का आरोप है कि राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर और संपत्ति संबंधी दस्तावेज तैयार कर इन संपत्तियों को विधायक के रिश्तेदारों और अन्य संबंधित लोगों के नाम पर हासिल या हस्तांतरित किया गया। इसके अलावा मोगा में एक आवासीय संपत्ति की खरीद में अघोषित नकदी के इस्तेमाल से जुड़ी आशंकाओं की भी जांच की जा रही है।
अस्पताल और नशा मुक्ति केंद्र में भी हुई तलाशी
ईडी की कार्रवाई में विधायक से जुड़े परिवार और सहयोगियों के परिसरों के साथ अस्पताल-कम-नशा मुक्ति केंद्र को भी शामिल किया गया था। तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। ईडी का कहना है कि बरामद सामग्री के आधार पर कथित बेनामी संपत्तियों, धन के लेनदेन और लाभार्थियों की पहचान की जा रही है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि बरामद सामग्री की जांच अभी जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।






