बाइक सवार हमलावरों ने कार को घेरकर चलाए 10 राउंड, इलाके में दहशत का माहौल
जागरूक पंजाब न्यूज नेटवर्क
लुधियाना : पंजाब के लुधियाना स्थित लाडोवाल थाना क्षेत्र में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव मनेवाल के पूर्व सरपंच 60 वर्षीय नवतेज सिंह उर्फ नीटू की बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए करीब 10 राउंड फायरिंग की, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करते हुए अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया न सवाल उठाया है। उन्होंने कहा- भगवंत मान यही है तेरा रंगला पंजाब। उन्होंने सीएम भगवंत मान को गुरु दोखी भी कहा। गोलियां, फिरौतियां, कत्ल – यही है तुम्हारा रंगला पंजाब? लोग दहशत में जी रहे हैं, सोचते हैं कब गोली उनकी तरफ आ जाए!
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवतेज सिंह शनिवार देर शाम अपनी टोयोटा इनोवा कार से जमीन का काम निपटाकर अपने घर घुमार मंडी (कृष्णा नगर) लौट रहे थे। जैसे ही रात करीब 8ः30 बजे उनकी कार लाडोवाल बाईपास के पास साउथ सिटी रोड के पुल पर पहुंची, बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने कार की खिड़कियों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं और वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। लाडोवाल थाना प्रभारी के मुताबिक, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते की पहचान की जा सके।
जांच के बिंदु:
पुरानी रंजिश और जमीन से जुड़े विवाद की आशंका पर गहन जांच की जा रही है।
पुलिस इस संबंध में संदिग्धों और पुराने रिकॉर्ड्स को भी खंगाल रही है।






