सिविल सर्जन कार्यालय में दिया रोष धरना, 9 अक्टूबर को धूरी में होगी राज्यस्तरीय महा रैली; 6,000 से 6,500 कर्मचारियों के शामिल होने का दावा
मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
जालंधर : नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) इंप्लाइज यूनियन पंजाब ने लंबे समय से लंबित अपनी मांगों को लेकर संघर्ष तेज करने का ऐलान किया है। इसी कड़ी में सिविल सर्जन कार्यालय में रोष धरना दिया गया। इस दौरान सिविल सर्जनों के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग और सरकार को कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर मांगपत्र भी सौंपे गए।
यूनियन की स्टेट स्पोक्स पर्सन डॉ. पंखुड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि संघर्ष के अगले चरण में 1 अक्टूबर 2026 को पंजाब भर में विधायकों के कार्यालयों के बाहर रोष प्रदर्शन कर उन्हें कर्मचारियों की मांगों से संबंधित मांगपत्र सौंपे जाएंगे। यूनियन की ओर से सरकार से पिछली बैठकों में लिए गए फैसलों और दिए गए आश्वासनों को लागू करने की मांग की जाएगी।
इसी कड़ी में 9 अक्टूबर 2026 को धूरी में राज्यस्तरीय महा रैली की जाएगी। इसमें पंजाब भर से लगभग 6,000 से 6,500 NHM कर्मचारियों के अलावा अन्य सहयोगी स्वास्थ्य संगठनों के सदस्य भी शामिल होंगे। यूनियन नेताओं ने सरकार से मुख्य रूप से NHM कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों का विभागीय कमेटी के माध्यम से तुरंत समाधान करने, पिछली बैठक में लिए गए फैसलों को लागू करने और मांगों के स्थायी समाधान के लिए विशेष कमेटी की बैठक बुलाने की मांग की है।
इसके अलावा ‘समान काम, समान वेतन’ का सिद्धांत लागू करने, NHM कर्मचारियों के वेतन में उचित बढ़ोतरी करने और लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के वेतन से जुड़े मामलों का निपटारा करने की मांग भी उठाई गई है। यूनियन नेताओं ने विभिन्न कैडरों से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों और सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग के पास पहले से चल रही फाइलों का जल्द निपटारा करने की मांग की है, ताकि कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए बार-बार संघर्ष न करना पड़े।
यूनियन नेता डॉ. सुमीत कपाही और परमवीर जी ने कहा कि NHM कर्मचारी राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में उनकी जायज मांगों को लगातार लंबित रखने के बजाय सरकार को गंभीरता से विचार कर बातचीत के माध्यम से ठोस और स्थायी समाधान करना चाहिए। यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने मांगों के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की तो 9 अक्टूबर की महा रैली के बाद संघर्ष को और तेज और व्यापक किया जाएगा। इसके अगले चरण के कार्यक्रमों की भी घोषणा की जाएगी। इस दौरान जिले के सभी NHM कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






