
दिल्ली सरकार ने पहले चरण में मीडिया के लिए खोला पूर्व मुख्यमंत्री का सरकारी आवास, आम जनता के लिए टिकट बुकिंग और प्रवेश की तारीख का इंतजार

मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का चर्चित सरकारी आवास ‘शीशमहल’ अब आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार, 27 नवंबर को इस आवास का दरवाजा पहले चरण में मीडिया के लिए खोल दिया। पत्रकारों को परिसर के अंदर ले जाकर वहां मौजूद महंगे सामान और सुविधाओं की जानकारी दी गई। दिल्ली सरकार में लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने पहले ही घोषणा की थी कि इस आवास को आम जनता के लिए भी खोला जाएगा। इसके लिए टिकट और ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था तैयार की जा रही है।

20 रुपये हो सकती है टिकट की कीमत
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सरकारी अधिकारियों ने सामान्य प्रवेश टिकट की संभावित कीमत करीब 20 रुपये बताई है। वहीं वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज विद्यार्थियों को मुफ्त प्रवेश देने की योजना है। हालांकि, टिकट की अंतिम कीमत, मुफ्त प्रवेश की पात्रता और बुकिंग से संबंधित आधिकारिक दिशा-निर्देश अभी स्पष्ट नहीं किए गए हैं।
कब से जा सकेंगे लोग?
मंत्री प्रवेश वर्मा ने 26 नवंबर को सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि अगले दिन शीशमहल मीडिया को दिखाया जाएगा। इसके बाद आम जनता के लिए टूर शुरू करने की योजना है। सरकार की ओर से टिकट बुकिंग और आम लोगों के प्रवेश की निश्चित तारीख तथा समय की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। इसलिए फिलहाल इसे आम जनता के लिए पूरी तरह खुला हुआ नहीं माना जा सकता।
6 फ्लैगस्टाफ रोड पर है आवास
दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में 6 फ्लैगस्टाफ रोड स्थित यह बंगला वर्ष 2015 से 2024 तक अरविंद केजरीवाल का मुख्यमंत्री रहते हुए आधिकारिक निवास रहा। भाजपा ने 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान इसके नवीनीकरण पर हुए खर्च को लेकर इसे ‘शीशमहल’ नाम दिया था।
सरकार का कहना है कि इस परिसर को जनता के सामने लाने का उद्देश्य सरकारी धन के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाना है। सरकार की योजना है कि सार्वजनिक भ्रमण के बाद इस परिसर का इस्तेमाल सरकारी बैठकों, सम्मेलनों और अन्य आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए भी किया जा सकता है।







