सुबह की सैर से देर रात की बैठकों तक निरंतर संवाद, मेंबर्स का मिल रहा भारी समर्थन

जालंधर (मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब): जालंधर जिमखाना क्लब के आगामी चुनावों की सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। अचीवर्स ग्रुप की ओर से एग्जीक्यूटिव प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे जुबिन शंगारी चुनावी मैदान में सबसे युवा प्रत्याशी के तौर पर उभरकर सामने आए हैं। 36 वर्षीय जुबिन अपनी सकारात्मक सोच, ऊर्जावान व्यक्तित्व और स्पष्ट विजन के बल पर मेंबर्स का दिल जीतने में पूरी तरह से जुटे हुए हैं।
जुबिन शंगारी का चुनाव प्रचार तड़के सुबह से ही शुरू हो जाता है। सुबह-सुबह क्लब के लॉन और वॉकवे पर सैर करने आने वाले सीनियर सिटीजंस और अन्य मेंबर्स से वे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर रहे हैं। उनका यह सहज और सकारात्मक अंदाज मेंबर्स को काफी पसंद आ रहा है। दिन भर व्यावसायिक व सांगठनिक बैठकों के बाद, देर रात तक वे छोटे-छोटे समूहों में सदस्यों के साथ संवाद कायम कर रहे हैं और क्लब के सुधार हेतु उनके सुझाव प्राप्त कर रहे हैं।
युवा सोच के साथ क्लब के समग्र विकास का रोडमैप
एक सफल बिजनेसमैन और पिछले 10 वर्षों से क्लब के सक्रिय सदस्य के रूप में, जुबिन शंगारी के पास व्यावहारिक अनुभव की कोई कमी नहीं है। सबसे कम उम्र के उम्मीदवार होने के नाते, वे क्लब में आधुनिक दृष्टिकोण और युवा ऊर्जा का संचार करने के लिए तत्पर हैं। उनका कहना है कि क्लब का विकास तभी संभव है जब हर वर्ग को उसकी जरूरत के अनुसार सुविधाएं मिलें।
युवा ऊर्जा और 15 साल के विजन का संगम
सबसे कम उम्र के प्रत्याशी के रूप में जुबिन की साख मजबूत
जिमखाना क्लब के चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों में जुबिन शंगारी सबसे कम उम्र के प्रत्याशी हैं। 36 वर्ष की आयु में ‘पैनाशीबा’ जैसे प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड का सफलतापूर्वक संचालन करने वाले जुबिन की प्रशासनिक क्षमता और दूरदर्शिता का लोहा हर कोई मान रहा है। मेंबर्स का मानना है कि उनकी यह युवा ऊर्जा क्लब के प्रबंधन को और अधिक पारदर्शी, आधुनिक और कुशल बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
प्राथमिकताओं पर अडिग
खेलों के स्थायी कोच और गुणवत्तापूर्ण फूड पर फोकस
अपने सघन जनसंपर्क के दौरान जुबिन शंगारी मेंबर्स को विश्वास दिला रहे हैं कि क्लब में स्विमिंग, बैडमिंटन, टेनिस और जिम के लिए रेगुलर प्रोफेशनल कोच की तैनाती उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके अलावा, क्लब के खान-पान की गुणवत्ता में सुधार और 1,600 युवा मेंबर्स के साथ-साथ सीनियर सिटीजंस के लिए सुगम व्यवस्थाएं बनाना उनकी मुख्य कार्ययोजना में शामिल है।
मेंबर्स का मिल रहा भारी समर्थन
जुबिन की सकारात्मकता और लगन को देखते हुए क्लब के युवा और बुजुर्ग, दोनों ही वर्गों से उन्हें भरपूर आशीर्वाद और समर्थन मिल रहा है। जुबिन का कहना है कि मेंबर्स का यह स्नेह ही उनकी असली ताकत है और वे क्लब की गरिमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।





