श्री आनंदपुर साहिब में बहरीन से आई महिला के साथ हुए व्यवहार का मामला
मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
जालंधर : बहरीन से आई महिला के साथ श्री आनंदपुर साहिब की सरायों में हुए व्यवहार ने सारी सिख कौम को गुरुद्वारा प्रबंधन में आई गिरावट के बारे में चिंतित कर दिया है। पिछले दिनों गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी के घर के बाहर सिख जत्थेबंदियों की ओर से रोष प्रदर्शन किया गया था और उनके इस्तीफे की मांग की गई थी। इसी संबंध में रविवार को सिख जत्थेबंदियों का 251 सदस्यीय जत्था श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज को मांगपत्र देने के लिए श्री अकाल तख्त साहिब रवाना हुआ।
इस संबंध में जालंधर से हरपाल सिंह चड्ढा, हरप्रीत सिंह नीटू, अमरजीत सिंह किशनपुरा की अगुवाई में जत्था 11 अक्टूबर को सुबह रवाना हुआ। इस मौके पर उक्त नेताओं ने कहा कि जब से हरजिंदर सिंह धामी ने प्रधानगी का पद संभाला है, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी दिन-प्रतिदिन गिरावट की ओर जा रही है। जब तक धामी की ओर से प्रधानगी से इस्तीफा नहीं दिया जाता और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं करवाई जाती, तब तक आम सिखों का इस प्रबंधन पर विश्वास बहाल नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि हमारा किसी के साथ भी कोई विरोध नहीं है। हम गुरु साहिब के आगे अरजोई करने और जत्थेदार साहिब को मांगपत्र देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुर्ज बाबा फूला सिंह में पूरे पंजाब के सिंह एकत्रित होकर वहां से संगती रूप में श्री अकाल तख्त साहिब पर पैदल पहुंचेंगे। जत्थे में अन्य लोगों के अलावा गुरदीप सिंह कालिया कॉलोनी, जसविंदर सिंह जस्सा, हरपाल सिंह पाली, तेजिंदर सिंह संत नगर, हरप्रीत सिंह सोनू, पलविंदर सिंह बाबा, रणजीत सिंह राज नगर समेत बड़ी संख्या में संगत उपस्थित थी।





