निहंग विवाद से लेकर गैंगवार जांच के बिंदू, गोल्डी ढिल्लों गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
जागरूक पंजाब न्यूज नेटवर्क
अमृतसर : पंजाब के अमृतसर स्थित लोहारका रोड पर शनिवार शाम लगभग 6 बजे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मधुसूदन उर्फ मैड संधू की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। संधू अपनी कार धुलवाने के लिए एक सर्विस सेंटर गए थे, तभी बाइक पर आए दो नकाबपोश हमलावरों ने बेहद नजदीक से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
मैड संधू और क्या था विवाद?
मैड संधू पंजाब के चर्चित डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और मेकअप आर्टिस्ट थे। वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और पॉडकास्ट्स में जेंडर रोल्स, एलजीबीटीक्यू कम्युनिटी और मेकअप आर्ट पर बेबाकी से अपनी राय रखते थे।
हत्या के संभावित कारण :
सभ्यता/कंटेंट विवाद : तीन महीने पहले संधू का निहंग जत्थेदार मनप्रीत सिंह खालसा के साथ पहनावे और पुराने वीडियो के कंटेंट को लेकर विवाद हुआ था। निहंग समूह ने उनके कंटेंट को पंजाब के कल्चर के खिलाफ बताया था।
गैंगस्टर का दावा : घटना के बाद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और जग्गा तरनतारन के नाम से एक कथित पोस्ट वायरल हुई है, जिसमें इस हत्या की जिम्मेदारी ली गई है।
पुलिस जांच और ताजा स्थिति
घटनास्थल पर पहुंचे डीसीपी प्रभजोत सिंह और एडीसीपी सिरीवेनेला ने बताया कि पुलिस को मौके से दो खोल मिले हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वायरल पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच कर रही है। परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
भगवंत मान ने अपनी सियासी विफलता से पंजाब को ‘क्राइम कैपिटल’ बना दिया
इस घटना ने ‘आप’ सरकार की पोल फिर से खोल दी है और यह साबित कर दिया है कि पंजाब को अपराधियों एवं माफियाओं के हवाले कर दिया गया है, जहां पंजाब का युवा सुरक्षित नहीं है और पूरे राज्य में डर व दहशत का माहौल है, आए दिन हत्याएं हो रही हैं! हमारे खुशहाल पंजाब को गुरु-दोखी भगवंत मान ने अपनी सियासी विफलता से पंजाब को ‘क्राइम कैपिटल’ बना दिया है।
-तरुण चुघ, भाजपा नेता






