जमीन का इंतकाल दर्ज करने के बदले पैसे मांगने का आरोप; शिकायतकर्ता विनोद कुमार की शिकायत पर बिछाया गया जाल

मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
जालंधर : जालंधर के तहसील कॉम्प्लेक्स में विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने रिश्वतखोरी के आरोप में एक पटवारी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विश्वजीत और राकेश कुमार के रूप में बताई गई है। आरोप है कि दोनों जमीन का इंतकाल दर्ज करने के बदले शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता विनोद कुमार ने विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत दी थी कि उसकी जमीन के इंतकाल की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पटवारी और उसका साथी उससे 3 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और तहसील कॉम्प्लेक्स में कार्रवाई की। जैसे ही विनोद कुमार ने कथित तौर पर रिश्वत की रकम आरोपियों को सौंपी, विजिलेंस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया। रेड के दौरान विजिलेंस अधिकारियों ने पटवारखाने में काम कर रहे कर्मचारियों और उनके सहायकों को बाहर निकाल दिया तथा कार्यालय का दरवाजा बंद कर अंदर मौजूद दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी।
पटवारखाने में अपने काम करवाने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इनमें रजिस्ट्री से जुड़े काम, फर्द हासिल करने और जमीन संबंधी अन्य दस्तावेजों के काम शामिल हैं। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से यह शिकायतें सामने आती रही हैं कि छोटे-छोटे काम करवाने के बदले लोगों से कथित तौर पर मोटी रकम की मांग की जाती है। विजिलेंस की अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद पटवारखाने में मौजूद लोगों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आरोपियों ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। विजिलेंस टीम उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है।






