लुधियाना में गनप्वाइंट पर दो कारें लूटने की कोशिश, CCTV में कैद हुई वारदात
सुबह अशोक नगर में लगातार दो घटनाएं; हथियारबंद युवकों ने कार सवारों पर तानी पिस्तौल, दोनों वाहन ले जाने में रहे नाकाम
लुधियाना (जागरूक पंजाब न्यूज नेटवर्क) : लुधियाना में बुधवार सुबह, हथियारबंद युवकों द्वारा गनप्वाइंट पर दो कारें लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। दोनों घटनाएं शहर के अशोक नगर इलाके में भारत नगर चौक के नजदीक हुईं। वारदात CCTV कैमरों में कैद हुई, जिसकी फुटेज सोशल मीडिया पर भी सामने आई है। इसका वीडियो शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने अपने X अकाउंट पर साझा किया है।
पुलिस के अनुसार पहली घटना सुबह करीब 7 बजे हुई। एक मेडिकल स्टोर संचालक अपनी कार में बैठकर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान दो हथियारबंद युवक उसके पास पहुंचे। एक युवक ने उस पर पिस्तौल तानकर कार से बाहर निकलने को कहा। व्यक्ति ने कार की चाबी निकालकर अपने पास रख ली और वहां से भाग गया। इसके बाद आरोपी कार नहीं ले जा सके। इसके बाद आरोपियों ने दूसरी कार को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि दूसरी घटना में कार सवार व्यक्ति अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने की तैयारी कर रहा था। आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर परिवार को कार से बाहर निकलने के लिए कहा। इसी दौरान परिवार के लोगों ने शोर मचाया और आसपास के लोग जमा हो गए। आरोपी कार लेकर भाग नहीं सके और पैदल फरार हो गए।
दोनों घटनाओं की CCTV फुटेज पुलिस ने हासिल की है और आरोपियों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। वीडियो साझा करते हुए सांसद हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा।






