
जालंधर ( मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब) : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों का सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर चल रहा रोष प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में धरना दिया। प्रदर्शनकारियों की नजरें अब 2 सितंबर को होने वाली बैठक पर टिकी हैं।
डॉ. पंखुड़ी की अगुवाई में जिले के एनएचएम कर्मचारियों ने सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सहायक सिविल सर्जन डॉ. ज्योति फुकेला को मांग-पत्र सौंपा गया, जिसमें 2 सितंबर तक हड़ताल जारी रखने संबंधी जानकारी दी गई। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने समान काम के लिए समान वेतन, ग्रेच्युटी, उम्र सीमा में बढ़ोतरी सहित अन्य मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
मिशन डायरेक्टर के साथ हुई बैठक, कई मांगों पर हुई चर्चा
एनएचएम इंप्लॉई यूनियन की मिशन डायरेक्टर एनएचएम के साथ बैठक भी हुई। इसमें कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। विभाग की ओर से बताया गया कि लॉयल्टी बोनस और रिटायरमेंट उम्र में बढ़ोतरी से संबंधित फाइल भेजी जा चुकी है।
वहीं, वेतन बढ़ोतरी के मामले में एमडी की ओर से निर्देश दिए गए कि फाइल दोबारा वित्त विभाग (एफडी) को 2 सितंबर की बैठक से पहले भेजी जाए। कर्मचारियों के वेतन की समय पर अदायगी के मुद्दे पर एसीएफए को हर महीने की 25 तारीख तक वेतन का बजट भेजने के निर्देश देने की बात भी सामने आई। इसके लिए जिलों को लिखित हिदायतें जारी करने को कहा गया है।
15-20 साल से सेवा कर रहे कर्मचारियों की मांगों पर नजर
कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से एनएचएम के तहत सेवाएं दे रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना है कि मांगों का स्थायी समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन में जिला प्रोग्राम मैनेजर डॉ. सुखविंदर कौर, सीएचओ सुखप्रीत कौर, डॉ. योगेश, डॉ. विपन, डॉ. पंकज और परमवीर झमट सहित एनएचएम कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी प्रमुख मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में आंदोलन को लेकर अगला फैसला लिया जाएगा।
अब 2 सितंबर की बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगों से संबंधित फाइलों और वेतन से जुड़े मुद्दों पर इस बैठक में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।






