सात डाक मंडलों के कामकाज की निगरानी अब जालंधर से होगी, प्रशासनिक समन्वय बेहतर बनाने के लिए लिया फैसला
मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
जालंधर : डाक विभाग, पश्चिम क्षेत्र, पंजाब का क्षेत्रीय कार्यालय अब चंडीगढ़ की जगह जालंधर में स्थापित किया गया है। डॉ. प्रवीण कुमार सरस्वत, IPoS, निदेशक, पश्चिम क्षेत्र, पंजाब के नेतृत्व में कार्यालय का उद्घाटन किया गया। विभाग के इस फैसले का उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज को बेहतर बनाना और डाक मंडलों की निगरानी को प्रभावी करना है।

इस क्षेत्रीय कार्यालय के अधीन अमृतसर, फरीदकोट, फिरोजपुर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर और कपूरथला के सात डाक मंडल आते हैं। अब इन मंडलों से जुड़े प्रशासनिक कामकाज का समन्वय जालंधर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से किया जाएगा।
डाक विभाग को उम्मीद है कि कार्यालय जालंधर में होने से संबंधित डाक मंडलों के साथ तालमेल बेहतर होगा। इससे विभागीय नीतियों, योजनाओं और प्रशासनिक निर्देशों को लागू करने तथा मंडलों के कामकाज की निगरानी में मदद मिलेगी।







