मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में निभाई अहम भूमिका, जनता खासकर बुजुर्गों के दिलों में बना चुके अहम स्थान
मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
जालंधर : आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलाव की आहट सुनाई देने लगी है। जालंधर की सियासत में इन दिनों सबसे प्रमुख चर्चा पार्टी के वरिष्ठ और निष्ठावान नेता प्रो. रविंदर बंसल को लेकर हो रही है। सूत्रों की मानें तो पार्टी हाईकमान उन्हें संगठन में बड़े पद की जिम्मेदारी तैयारी में है। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में जालंधर सेंट्रल हलके से पार्टी प्रत्याशी के तौर पर भी उनकी दावेदारी सबसे मजबूत बनकर उभरी है।
सेंट्रल हलके में जल्द होगा बड़ा धमाका
सियासी गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि जालंधर सेंट्रल हलके में जल्द ही कोई बड़ा राजनीतिक धमाका देखने को मिल सकता है। पार्टी के पुराने और वफादार कार्यकर्ताओं का मानना है कि यदि संगठन की कमान रविंदर बंसल के हाथों में सौंपी जाती है, तो इससे न केवल जालंधर सेंट्रल बल्कि पूरे जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरेगा।
नगर निगम चुनावों से लेकर संगठन की बैठकों तक, रविंदर बंसल हमेशा पार्टी हाईकमान के विश्वास पर खरे उतरे हैं। बिना किसी विवाद में पड़े, केवल काम के दम पर अपनी पहचान बनाने वाले बंसल को पार्टी के जिम्मेदार पद पर बिठाकर हाईकमान एक तीर से दो निशाने साधने की रणनीति बना रहा है।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में निभाई अहम भूमिका
प्रो. रविंदर बंसल पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के सफल क्रियान्वयन और प्रबंधन में लगातार सक्रिय और अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं। बंसल ने जालंधर और आसपास के क्षेत्रों से वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना का लाभ दिलाने, बसों व ट्रेनों के समन्वय और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ख्याल रखने में दिन-रात एक किया है। इस जनकल्याणकारी योजना के जरिए उन्होंने सीधे तौर पर आम जनता और बुजुर्गों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है। उनके इसी जनसेवा के जज्बे और संगठनात्मक क्षमता की वजह से अब उन्हें जिले की सर्वोच्च कमान देने पर विचार किया जा रहा है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि रविंदर बंसल की मजबूत संगठन क्षमता, साफ-सुथरी छवि और मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना जैसे सीधे जनहित के कार्यों में उनका योगदान उन्हें पार्टी की टिकट और संगठ में बड़े पद का सबसे स्वाभाविक हकदार बनाता है।







