भाजपा पदाधिकारी बोले- पुलिस ने जानबूझकर माहौल खराब किया, पहले से ही दी गई थी सूचना पर नहीं किए प्रबंध
होशियारपुर/जालंधर (मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब) : होशियारपुर के गांव बडियां कलां में बसपा वर्करों की तरफ से रैली की जा रही थी, जिसमें पहुंचे भाजपा वर्करों में हाथापाई हो गई। इसी दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला के चेहरे पर चोट लग गई और वे लहुलूहान हो गए। इस मौके पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, पूर्व जिला भाजपा प्रधान सुशील शर्मा भी मौजूद थे। घटना होशियारपुर जिले के बडियां कलां गांव में हुई, जहां डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने के विरोध में भाजपा और बसपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
जिक्रयोग है कि बसपा वर्करों का धरना चल रहा था। तभी वहां विजय सांपला अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए। बसपा की तरफ से वक्ता अभी कह ही रहा था कि उनके इस कार्यक्रम को सियासी रंगत नहीं दी जाएगी। सभी वर्कर ही आज लीडर हैं। तभी भाजपा वर्करों ने उससे माइक छीनने की कोशिश की तो उसने भारतीय जनता पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। भाजपाई भी बीएसपी मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। जब बसपा वक्ता का माइक नहीं छीन पाए तो सांपला ने अलग से माइक थाम लिया। इसके बाद हाथापाई हुई तो सांपला के मुंह पर माइक मार दिया गया। इससे सांपला जख्मी हो गए।
पुलिस पर इस घटना में लापरवाही का आरोप
मौके पर पूर्व जिला जालंधर के भाजपा प्रधान सुशील शर्मा ने पुलिस अधिकारियों पर आरोप लगाया कि सब उनकी मौजूदगी में हुआ है। पुलिस को इस बारे में पहले ही जानकारी दी गई थी। पुलिस ने जानबूझकर माहौल खराब करवाया है।
अभी तक सामने आई मुख्य जानकारी
- डॉ. अंबेडकर प्रतिमा को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन हो रहा था।
- प्रदर्शन के दौरान भाजपा और बसपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।
- रिपोर्ट के अनुसार विजय सांपला को माइक्रोफोन से चोट लगी।
- उनकी नाक के पास चोट लगी और खून निकला, जबकि गर्दन पर खरोंचें आने की जानकारी है।
- मौके पर मौजूद पुलिस ने बीच-बचाव किया।
- घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
- पुलिस अंबेडकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है। सांपला पर हमले की घटना की भी जांच की जा रही है।






