ACP ट्रैफिक ने माना गलत व्यवहार, मुलाजिम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू
जालंधर (मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब) कैंट इलाके के नजदीक ट्रैफिक चेकिंग के दौरान ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मारने वाले ट्रैफिक पुलिस मुलाजिम पर विभाग ने कार्रवाई की है। घटना का तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित मुलाजिम को लाइन हाजिर कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसीपी ट्रैफिक जालंधर अजय सिंह ने बताया कि कैंट इलाके के नजदीक ट्रैफिक कर्मचारियों की ओर से नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान एक ट्रक को चेकिंग के लिए रोका गया। ट्रक ड्राइवर मोबाइल फोन के जरिए अपना ड्राइविंग लाइसेंस ट्रैफिक कर्मचारियों को दिखा रहा था। इसी दौरान मोबाइल फोन को लेकर ड्राइवर और ट्रैफिक मुलाजिम के बीच बहस हो गई।
बहस के दौरान ट्रैफिक मुलाजिम ने तैश में आकर ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मार दिया। घटना का पता चलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया और संबंधित मुलाजिम को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया गया।
एसीपी बोले- ऐसा व्यवहार बिल्कुल मंजूर नहीं
एसीपी अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि पुलिस मुलाजिम की ओर से इस तरह का व्यवहार बिल्कुल भी उचित नहीं है। पुलिस विभाग की ओर से आम जनता के साथ मर्यादा, संयम और कानून के अनुसार व्यवहार करने की हिदायत है। ड्यूटी के दौरान किसी भी कर्मचारी की ओर से अनुशासनहीनता या गलत व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित मुलाजिम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। कार्रवाई के दौरान मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार अगला कदम उठाया जाएगा।
पुलिस का संदेश- ड्यूटी पर संयम जरूरी
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मचारियों को आम लोगों के साथ मर्यादित और संयमित व्यवहार करना होगा। किसी भी तरह की अनुशासनहीनता सामने आने पर नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।






