कौमी इंसाफ मोर्चा ने कहा- बंदी सिखों की रिहाई और 15 अगस्त की कार्रवाई का विरोध

जालंधर (जागरूक पंजाब) : बंदी सिखों की रिहाई और 15 अगस्त को शांतिपूर्ण विरोध मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कौमी इंसाफ मोर्चा ने 21 अगस्त को पंजाब बंद का ऐलान किया है। ऐसे में सीटी इंस्टीट्यूट, शिव ज्योति पब्लिक स्कूल जालंधर, हिंदू कन्या कॉलेज कपूरथला समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों ने विद्यार्थिोयों की सुरक्षा के मद्देनजर 21 तारीख शुक्रवार को शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का फैसला लिया है। वहीं, डेरा बाबा मुराद शाह नकोदर में भी मेला एक ही दिन 20 अगस्त को संपन्न कर दिया गया। प्रबंधकों ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि 21 अगस्त को होने वाले स्टेज, कव्वालियों और गुरदासमान के कार्यक्रम नहीं किए जाएंगे।
दूसरी तरफ जालंधर प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोर्चे के संयोजक भाई पाल सिंह फ्रांस समेत पंथक, किसान और दलित संगठनों के नेताओं ने बंद की जानकारी दी यौर कौमी एकता मोर्चा का समर्थन करने का ऐलान किया।
भाई पाल सिंह ने कहा कि चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर 7 जनवरी 2023 से बंदी सिखों की रिहाई के लिए शांतिपूर्ण मोर्चा चल रहा है। उनका आरोप है कि 32-32 साल की सजा पूरी कर चुके कई बंदियों को रिहाई और पैरोल का अधिकार नहीं दिया जा रहा। नेताओं ने भाई जगतार सिंह हवारा की 83 वर्षीय मां की गंभीर हालत का हवाला देते हुए पैरोल की मांग भी उठाई।
मोर्चे ने 15 अगस्त को राजभवन की ओर निकाले गए विरोध मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई को भी गलत बताया। नेताओं का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस और पानी की बौछारें की गईं तथा इस दौरान दो पत्रकार भी घायल हुए।
सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक बंद
मोर्चे के अनुसार 21 अगस्त को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्कूल-कॉलेज, बाजार, दुकानें, वाणिज्यिक संस्थान और सामान्य आवाजाही बंद रखने की अपील की गई है। हालांकि अस्पताल, एम्बुलेंस, मेडिकल स्टोर, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है।
मोर्चे ने व्यापारिक संगठनों, ट्रांसपोर्ट यूनियनों, किसान-मजदूर जत्थेबंदियों और आम नागरिकों से बंद को समर्थन देने की अपील की। इस मौके पर पूनर सुरजीत, गुरप्रताप वडाला सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन और संस्थाओं का फैसला
-
प्राइवेट स्कूलों का रुख: पंजाब के प्राइवेट स्कूलों के परिसंघ (Federation of Private Schools) ने 21 अगस्त को एहतियात के तौर पर स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया है।
-
कासा (CASA – Central Association of Private Schools / CBSE affiliated schools): जालंधर और आसपास के सीबीएसई स्कूलों की संस्थाओं तथा स्वतंत्र निजी स्कूल प्रबंधनों ने सुरक्षा व्यवस्था और स्कूली बच्चों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए 21 अगस्त को बंद/छुट्टी रखने या ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्णय लिया है।
कॉलेज और यूनिवर्सिटी
-
पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) सहित अन्य प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों ने 21 अगस्त को होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।
-
अधिकांश कॉलेजों ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर कक्षाएं स्थगित रखने की घोषणा की है।
सरकारी आदेश व प्रशासन
-
जिला प्रशासन या पंजाब सरकार द्वारा कोई आधिकारिक राज्यव्यापी छुट्टी की सार्वजनिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा कारणों और निजी स्कूल संगठनों के फैसले के चलते निजी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।





