रहिरास साहिब पाठ के दौरान सेवादार पर हमला; एक हफ्ते में दूसरी घटना से संगतों में रोष
जागरूक पंजाब न्यूज नेटवर्क
बरनाला : पंजाब के बरनाला जिले के गांव कुब्बे स्थित गुरुद्वारा साहिब में शनिवार शाम के समय ‘रहिरास साहिब’ का पावन पाठ कर रहे ग्रंथी सिंह के साथ मारपीट और पवित्र मर्यादा में बाधा डालने की दुखद घटना सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार, ग्रंथी सिंह जब अपनी पवित्र सेवा निभा रहे थे, उसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला कर दिया और मर्यादा का उल्लंघन किया।
जिक्रयोग है कि इलाके में पिछले एक हफ्ते के भीतर गुरुद्वारा साहिब की मर्यादा और ग्रंथी सिंह से जुड़ा यह लगातार दूसरा मामला है। कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में विवाद और झड़प की स्थिति बनी थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस और प्रशासन द्वारा कोई ठोस एहतियाती कदम नहीं उठाए गए। इस लापरवाही के कारण दोबारा ऐसी घटना घटने से स्थानीय संगतों और सिख समुदाय में गहरा आक्रोश और चिंता है।
क्या बोली पुलिस?
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित ग्रंथी सिंह के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों को खंगाला जा रहा है ताकि इस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल का बयान
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष व पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा।
सुखबीर बादल ने सोशल मीडिया पर कहा: “गांव कुब्बे (बरनाला) में ग्रंथी सिंह के साथ मारपीट और रेहरास साहिब के पावन पाठ में बाधा डाला जाना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। महज एक हफ्ते में यह दूसरी घटना है, लेकिन पुलिस ने कोई निवारक कदम नहीं उठाए। पवित्र सेवा कर रहे ग्रंथी सिंह के साथ ऐसा व्यवहार पूरी संगत की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। गुरुद्वारे कभी भी डर का स्थान नहीं बनने चाहिए। मुख्यमंत्री भगवंत मान जवाब दें कि हमारे गुरुद्वारों की पवित्रता और सुरक्षा को इस तरह असुरक्षित क्यों छोड़ा जा रहा है?”






