30 दिन के प्लान और वॉयस-एसएमएस के लिए मिलेंगे किफायती विकल्प, 22 अक्टूबर से शुरुआत
नई दिल्ली (जागरूक पंजाब न्यूज नेटवर्क) : मोबाइल रिचार्ज कराने वालों के लिए राहत की खबर है। अब 28 दिन की जगह 30 दिन की वैधता वाला रिचार्ज प्लान मिलने का रास्ता साफ हो गया है। TRAI के नए नियम 22 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। इसके बाद मोबाइल कंपनियों को ऐसे प्लान भी देने होंगे, जिनमें सिर्फ कॉलिंग और SMS की सुविधा होगी और इंटरनेट डेटा लेना जरूरी नहीं होगा। इससे उन लोगों को फायदा मिल सकता है, जो मोबाइल का इस्तेमाल मुख्य रूप से बात करने और मैसेज भेजने के लिए करते हैं। केंद्र सरकार और भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए Telecom Consumer Protection (Thirteenth Amendment) Regulations, 2026) लागू कर दिए हैं।
नए नियमों से उपभोक्ताओं को मिलने वाली मुख्य सुविधाएं:
30 दिन के रिचार्ज प्लान: अब तक टेलीकॉम कंपनियां ज्यादातर 28 दिनों के रिचार्ज प्लान देती थीं, जिसके कारण साल में 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता था। नए नियमों के आने से अब उपभोक्ताओं को 30 दिन के रिचार्ज प्लान का विकल्प मिलेगा, जिससे सालभर में कुल रीचार्ज की संख्या घटकर 12 रह जाएगी और लोगों के पैसे की बचत होगी।
केवल वॉयस और एसएमएस वाले प्लान: ऐसे उपभोक्ताओं के लिए विशेष राहत दी गई है जिन्हें इंटरनेट डेटा की कोई आवश्यकता नहीं होती है। वे अब केवल कॉलिंग और मैसेजिंग (Voice and SMS-only plans) के लिए बेहद सस्ते और किफायती प्लान चुन सकेंगे।
कम बजट वाले यूजर्स के लिए सहूलियत: जो उपभोक्ता मुख्य रूप से केवल बेसिक वॉयस कॉल्स का इस्तेमाल करते हैं और जिनका बजट सीमित है, उनके लिए अब बाजार में अधिक व्यावहारिक और किफायती विकल्प उपलब्ध होंगे।
सांसद राघव चड्ढा ने बताया कि देश के तमाम नागरिकों ने सीमित और गैर-लचीले रीचार्ज विकल्पों को लेकर अपनी चिंताएं और परेशानियां उनके साथ साझा की थीं। जनता की इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने 11 मार्च को संसद में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था और उपभोक्ताओं के लिए अधिक किफायती तथा सुविधाजनक विकल्पों की मांग की थी।






