मानसा में हुए झोटा हत्याकांड को लेकर बंद की कॉल, पर यात्री निश्चिंत रहें बसें-ट्रेनें चलती रहेंगी, समय में कोई बदलाव नहीं, स्कूल-कॉलेज खुले रहेंगे

पूरा दिन रही असमंजस की स्थिति, दुकानदारों में त्योहारों के दिनों में काम बंद करने की चिंता रही

देर शाम कारोबारी जत्थेबंदियों की हुई मीटिंग, बंद को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, बोले- नशे के खिलाफ लड़ने वाले नौजवान की मौत का बेहद दुख

कांग्रेस-भाजपा का बंद को समर्थन, अकाली दल गवर्नर के नाम डीसी को सौंपेगा ज्ञापन

एमजीएन स्कूल के विद्यार्थियों को दिखाई जाने वाली मूवी स्थगित

मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
जालंधर : मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार को की गई हत्या के विरोध में बुधवार को जालंधर में पूरा दिन असमंजस की स्थिति बनी रही कि 15 तारीख को पंजाब बंद रहेगा या नहीं। हालांकि, शहर के कारोबारी संगठनों की ओर से बाजार बंद रखने को लेकर देर शाम तक कोई स्पष्ट फैसला सामने नहीं आया। दुकानदारों ने कहा कि उन्हें बंद के संबंध में कोई स्पष्ट सूचना नहीं मिली है। दूसरी ओर, पंजाब रोडवेज और रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को राहत देते हुए साफ किया कि बसें और ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी और उनके रूट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दवाइयों की दुकानें भी खुली रहेंगी। हालांकि किसान जत्थेबंदियों ने बंद की कॉल देते हुए समूह ट्रांसपोर्टरों, कारोबारियों, स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटीज से बंद में सहयोग की अपील की है। शहर के बड़े कारोबारी संगठन की तरफ से बंद को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, लेकिन उन्होंने झोटा की मौत पर दुख व्यक्त किया है।

बाजारों में बंद को लेकर असमंजस, झोटा की मौत पर जताया दुख

अटारी बाजार के प्रधान सुखविंदर सिंह बग्गा ने कहा कि फिलहाल उनसे किसी ने बंद के संबंध में संपर्क नहीं किया है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबारियों के कारण एक नौजवान की जान जाना बेहद दुखद है। फिलहाल अटारी बाजार खुला रहेगा।

दिलकुशा मार्केट के प्रधान रिशु वर्मा ने स्पष्ट किया कि दवाइयों की सभी मार्केट और दुकानें खुली रहेंगी। उन्होंने कहा कि दवाई लेने के लिए कोई भी व्यक्ति आ सकता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयां लेने में परेशानी नहीं होगी।

वहीं, भगत सिंह चौक सैनेटरी मार्केट के दुकानदारों ने बताया कि फिलहाल बंद को लेकर उनके पास कोई स्पष्ट कॉल नहीं है। दुकानदारों ने परविंदर सिंह झोटा की हत्या पर दुख जताते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ने वाले नौजवान की मौत बेहद दुखद है।

बसें रूटीन की तरह चलेंगी, समय या रूट में बदलाव नहीं

पंजाब रोडवेज-1 के जीएम मनिंदर सिंह ने कहा कि बसें रोजाना की तरह चलेंगी। सरकार की ओर से बसों के संचालन को लेकर कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है। इसलिए बसों के समय और रूट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

ट्रेनों पर भी बंद का असर नहीं

जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के सुपरिंटेंडेंट हरिदत्त शर्मा ने कहा कि बंद की कॉल का रेलवे संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी और यात्रियों को फिलहाल किसी बदलाव की सूचना नहीं है।

शिअद-यूअद गवर्नर के नाम डीसी को सौंपेगा ज्ञापन, कांग्रेस-भाजपा का बंद को समर्थन

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और यूथ अकाली दल (यूअद) की ओर से सुबह 10 बजे डीसी कार्यालय में एकत्र होने का कार्यक्रम रखा गया है। शिरोमणि अकाली दल के शहरी प्रधान इकबाल सिंह ढींडसा ने बताया कि डीसी को ज्ञापन सौंपने के बाद शहर में रूट मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च डीसी कार्यालय से शुरू होकर गुरु नानक मिशन चौक में समाप्त होगा। ढींडसा ने बताया कि राज्यपाल के नाम सौंपे जाने वाले ज्ञापन में पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए जाएंगे। उनका आरोप है कि सरकार नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के मकानों को बचा रही थी। उन्होंने कहा कि यदि पहले ही मकान तोड़ दिया गया होता तो झोटा की मौत नहीं होती। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पुलिस अभी तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई कि गोली चलाने से पहले हत्यारोपी ने किसे फोन किया था। यूथ अकाली दल के शहरी प्रधान अमृतबीर सिंह ने कहा कि नशे के कारोबारियों ने एक मां के बेटे को हमेशा के लिए उससे दूर कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को इस मामले में पहले ही कार्रवाई करनी चाहिए थी।
दूसरी तरफ पंजाब कांग्रेस कमेटी के प्रधान परगट सिंह ने और जिला भाजपा प्रधान अशोक सरीन हिक्की ने अपने कार्यकर्ताओं को पंजाब बंद की कॉल का समर्थन देने की बात कही है।

बंद की कॉल के बीच लोगों की नजर प्रशासन के फैसले पर

झोटा हत्याकांड के विरोध में बंद की कॉल के बीच जालंधर के दुकानदारों और आम लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल बाजारों  की स्थिति और आवाजाही को लेकर रहा। एक तरफ संगठनों की ओर से विरोध में समर्थन मांगा जा रहा है, दूसरी तरफ कारोबारी त्योहारों के दिनों में कामकाज प्रभावित होने को लेकर चिंतित हैं। फिलहाल रोडवेज और रेलवे की ओर से सामान्य संचालन की बात कही गई है, जबकि बाजारों के बंद रहने को लेकर अंतिम स्थिति संबंधित कारोबारी संगठनों के फैसले पर निर्भर करेगी।

एमजीएन स्कूल के विद्यार्थियों को दिखाई जाने वाली मूवी स्थगित

एमजीएन स्कूल में 15 तारीख को चुनिंदा विद्यार्थियों को मूवी दिखाई जानी थी, लेकिन बंद की कॉल और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल प्रबंधकों ने कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। अब मूवी का शेड्यूल दोबारा जारी किया जाएगा।

spot_img

Hot this week

19 को ‘हनुमान अंश’ फिल्म दिखाएगी सेवा समिति दशहरा कमेटी, नेताजी पार्क; 20 को मनाएगी दशहरा

पद्मश्री विजय चोपड़ा करेंगे दशहरा उत्सव की शोभायात्रा का...

Topics

बस्ती बावा खेल में मेडिकल स्टोरों पर रेड, एक लाख नशीली गोलियां बरामद

दुकानदार बिक्री का रिकॉर्ड नहीं दिखा पाया, ड्रग इंस्पेक्टर...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img