बेअदबी के आरोपी अंगद तलवाड़ पर तुरंत पर्चा दर्ज करवाने की बात कही
यही वो वीडियो है, जो विवाद का कारण बनी है।
जालंधर के गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में हुई पंथक बैठक, गायक के खिलाफ पर्चा दर्ज करवाने के लिए 21 सदस्यीय कमेटी का गठन
मनदीप शर्मा (जागरूक पंजाब) जालंधर : शहर के प्रमुख गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब, गुरु तेग बहादुर नगर में शनिवार को एक पंथक एकत्रता बुलाई गई। इस एकत्रता में जिमखाना क्लब में हुई गुरबाणी की बेअदबी को लेकर अहम फैसले किए गए। जत्थेबंदियों ने कार्यक्रम के दौरान पवित्र शबद ‘नानक दुखिया सब संसार’ मेंबर्स के नाचने का जहां विरोध जताया, वहीं गायक पर पर्चा दर्ज करने की मांग रखी। जत्थेबंदियों ने सामूहिक तौर पर फैसला लिया कि अगर गायक अंगद तलवाड़ के खिलाफ केस दर्ज न किया गया तो जिमखाना क्लब की मैनेजमेंट का घेराव किया जाएगा। वहीं, गुरुद्वारा साहिब में एकत्रित विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार देते हुए गायक के खिलाफ बेअदबी का पर्चा दर्ज करवाने की बात पर सहमति जताई और इस एकत्रता में एकमत होकर यह फैसला किया गया कि गायक के खिलाफ पर्चा करवाने के लिए 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया।
आनरेरी सेक्रेटरी अमित कुकरेजा सहज भाव में बोले- ना ना सानूं ता पता ही नहीं
दूसरी तरफ इस बारे में जब आनरेरी सेक्रेटरी अमित कुकरेजा के साथ बात की गई तो वे बड़े ही सहज भाव में बोले- हमें तो मीटिंग के बारे में कोई जानकारी ही नहीं है।
कमेटी के सदस्यों के नाम इस प्रकार हैं-
एडवोकेट सरबजीत सिंह राजपाल, रमिंदर सिंह मूणका, मनिंदर सिंह, सुखजीत सिंह डरोली, बगेल सिंह, सुखमिंदर सिंह राजपाल, अमनदीप सिंह बाजवा, प्रोफेसर एमपी सिंह, जतिंदर पाल सिंह मझैल, गुरमीत सिंह बिट्टू, परमिंदर सिंह दशमेश नगर, मनदीप सिंह बल्लू, बलजीत सिंह निहंग सिंह, प्रताप सिंह, अवतार सिंह रेरू, तरसेम सिंह, मनजीत सिंह टीटू, नोबलजीत सिंह, हरजिंदर सिंह जिंदा, आकाशदीप सिंह, पवनदीप सिंह।
जानिए जीटीबी नगर में गुरुद्वारा साहिब में क्या बोले स. हरजिंदर सिंह
20 सितंबर को धार्मिक शबद पर क्लब मेंबर्स के नाचने की घटना के मद्देनजर मीटिंग बुलाई गई है। इसमें विभिन्न जत्थेबंदियों का कहना है कि उस विवाद का कारण बने अंगद तलवाड़ और जिमखाना क्लब की समूची कमेटी ने गुरु महाराज की बाणी का जो अपमान करने की कोशिश की है, उसके मद्देनजर आज 21 मेंबरी कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी का मुख्य काम रहेगा कि जो शिकायतें दी गई हैं, उन पर एफआईआर दर्ज की जाए। कमेटी दोषियों को बनती सजाएं दिलाने के लिए हर संभव यत्न करेगी। इसके अलावा जो माफी वाला ढोंग चल रहा है, उसे हम सब रद्द करते हैं और इसके पीछे जो भी साजिशें चल रही हैं, उन्हें भी हम चेतावनी देते हैं कि अगर वे अपने कामों से नहीं टलते तो अगला नंबर उनका ही होगा। हम किसी को बखशेंगे नहीं। आज 21 मेंबरी कमेटी का गठन हुआ है, फिर 51 मेंबरी कमेटी का गठन होगा। वर्किंग कमेटी पर्चा दर्ज करवाने का काम करेगी। इस गायक पर भी पर्चा होगा। सिख जत्थेबंदियों ने पूरा सहयोग दिया है। आने वाले समय में पर्चा भी होगा और जिमखाना क्लब बंद भी होगा।






