जालंधर (जागरूक पंजाब न्यूज) : थाना-1 के अधीन आते सूरानुस्सी के अमन नगर में एक पुलिस कर्मचारी के बेटे द्वारा छोटी-सी बात को लेकर 14 साल के बच्चे पर बंदूक तानने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मोहल्लावासियों के बीच-बचाव के चलते बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित सत्यम ने जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने घर की तरफ जा रहा था। तभी घर से कुछ दूरी पर किराये पर रहने वाले पुलिस मुलाज़िम के बेटे अमन ने उसे रोक लिया। अमन ने उसे धमकाते हुए कहा कि अपनी इलेक्ट्रॉनिक बाइक यहाां से धीरे लेकर जाया करे, वरना बंदूक से उड़ा देगा। जब सत्यम ने विरोध किया, तो अमन घर के भीतर से रिवॉल्वर उठा लाया और उस पर तान दी। बहस के दौरान आरोपी अमन ने सत्यम के साथ-साथ उसके पिता प्रदीप अवस्थी और ताया राजकुमार के ऊपर भी सरेआम बंदूक तान दी, जिससे स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई।
20-22 साल के युवकों के पास भी थीं बंदूकें, वीडियो फुटेज आई सामने

मामले की भनक लगते ही जब मोहल्ला निवासी मौके पर इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी अमन ने अपने कुछ और बदमाश साथियों को भी वहाँ बुला लिया। मौके पर पहुंचे इन युवकों की उम्र लगभग 20 से 22 साल के बीच थी और उनके पास भी हथियार/बंदूकें मौजूद थीं। पूरी घटना की वीडियो फुटेज भी सामने आई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक लाल शर्ट पहने युवक ने सरेआम अपनी पैंट की डाभ में बंदूक रखी हुई है। वहीं, एक अन्य सफेद टी-शर्ट पहने युवक ने कैमरामैन को वीडियो बनाते देख तुरंत अपनी शर्ट ऊपर करके बंदूक छिपाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पुलिस को गहराई से जांच करनी चाहिए कि इन 20-22 साल के युवकों के पास यह हथियार कहाँ से आए।
डीएसपी के साथ तैनात एएसआई की गोद में बच्चे के हाथ में दिखी खिलौने वाली बंदूक

बहस के दौरान मौके की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें आरोपी का पिता एएसआई सरवन सिंह (जो कि फिल्लौर में डीएसपी भारत मसीह के साथ तैनात है) अपनी गोद में अपने पोते को लिए खड़ा है। हैरान करने वाली बात यह है कि उस छोटे बच्चे ने भी हाथ में खिलौने वाली बंदूक तान रखी है। यह दृश्य साफ बयां करता है कि घर का माहौल कैसा है और पुलिस कर्मचारी अपने बच्चों को किस तरह के संस्कार व आदर्श दे रहे हैं।
सत्यम की माता शिक्षिका रजनी और पिता प्रदीप अवस्थी ने बताया कि आरोपी अमन आए दिन पहले भी इसी तरह की धमकियाँ देता आ रहा था। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में उसके मकान मालिक से भी शिकायत की थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।
पिता ने किया बेटे का बचाव
इस पूरे मामले के बाद आरोपी के पिता एएसआई सरवन सिंह ने अपने बेटे का पक्ष लेते हुए कहा कि उनके बेटे ने जो भी किया है वह गलत नहीं किया है, इसमें गलती सत्यम की ही है।
थाना प्रभारी और ड्यूटी अफसर का बयान
मामला संज्ञान में आने के बाद थाना डिवीजन नंबर एक के प्रभारी जसपाल सिंह और ड्यूटी अफसर शरणजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ बनती आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, इसमें इस्तेमाल की गई बंदूक लाइसेंसी है या नहीं और मौके पर मौजूद अन्य युवकों के हथियारों की भी गहनता से जांच की जाएगी।






