बाक्स फैक्ट्री मालिक राहुल गर्ग ने पत्नी यशिका और बेटी राही के साथ लिया आनंद
दशहरा ग्राउंड में धूमधाम से मनाया पर्व, रामलीला के प्रसंगों ने बांधा समां; अशोक मित्तल और परगट सिंह समेत विभिन्न दलों के नेता एक मंच पर पहुंचे
मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
जालंधर : कैंट के दशहरा ग्राउंड में मंगलवार को दशहरे का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस पर्व को लेकर लोगों में उत्साह रहा। समारोह में भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित रामलीला के प्रसंग पेश किए गए। शाम को अग्निबाण चलाकर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान पूरा दशहरा ग्राउंड ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा।

समारोह में रावण का 90 फीट ऊंचा पुतला आकर्षण का केंद्र रहा, जबकि कुंभकरण और मेघनाद के पुतले 80-80 फीट ऊंचे थे। तीनों पुतलों के दहन के साथ ही दशहरे के उत्सव का मुख्य आयोजन संपन्न हुआ।
अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता एक मंच पर पहुंचे
दशहरा समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक हस्तियों ने शिरकत की। भाजपा के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक परगट सिंह एक ही मंच पर बैठे नजर आए। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से मुलाकात भी की। आम आदमी पार्टी के जालंधर कैंट हलका इंचार्ज दीपक बाली और पूर्व हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा भी समारोह में शामिल हुए।
शिरोमणि अकाली दल के प्रदेश महासचिव एवं जालंधर कैंट हलके से जुड़े हरजाप सिंह संघा ने भी कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज करवाई। इनके अलावा भाजपा के हलका इंचार्ज सरबजीत सिंह मक्कड़, काकू आहलूवालिया, आप के वरिष्ठ नेता एवं स्टेट ज्वाइंट सेक्रेटरी जॉर्ज सागर, मंगल सिंह बासी और जालंधर कैंट मीडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष कुमार संजीव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
दशहरा कमेटी के प्रबंधकों ने मुख्य मेहमानों और राजनीतिक नेताओं का स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात के प्रबंध भी किए गए थे।
दशहरे का त्योहार भगवान श्रीराम की ओर से रावण पर विजय के प्रसंग से जुड़ा है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है और लोगों को सत्य तथा सदाचार के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।







