
कपूरथला के एक बड़े कद के नेता के घुटने पकड़े, फिलहाल पाला हाईकमान तक पहुंचाने की कवायद

शहर में जगह-जगह बोर्ड लगवाने का शौकीन है युवा नेता

मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
जालंधर : 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही जालंधर कांग्रेस की आंतरिक राजनीति में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय राजनीतिक गलियारों और पार्टी सूत्रों के अनुसार, जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से टिकट की दावेदारी को लेकर पार्टी के भीतर गुटबाजी और खींचतान की चर्चाएं जोरों पर हैं। बताया जा रहा है कि खुद को पार्टी का वरिष्ठ नेता बताने वाले एक युवा चेहरे ने पूर्व विधायक राजिंदर बेरी की जगह अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए सक्रियता बढ़ा दी है।
सेंट्रल हलके में पोस्टर और बोर्ड के जरिए सक्रियता
राजनीतिक विश्लेषकों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, अक्सर सफेद कपड़ों में नजर आने वाले इस युवा नेता ने पिछले कुछ समय से जालंधर सेंट्रल हलके में अपनी राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज कर दी हैं। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और गलियों में इनके बड़े-बड़े होर्डिंग्स और बोर्ड देखे जा रहे हैं। खासतौर पर शहर में होने वाले विभिन्न धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के मौकों पर बधाई संदेशों वाले पोस्टरों के जरिए यह नेता अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है। पार्टी के भीतर चर्चा है कि इस प्रचार अभियान का मुख्य उद्देश्य 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले खुद को एक मजबूत विकल्प के रूप में पेश करना है।
स्थानीय नेतृत्व को दरकिनार कर कपूरथला के दिग्गज से संपर्क
पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस युवा नेता का मुख्य कारोबार जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित है। इसके बावजूद, टिकट की पैरवी के लिए उन्होंने स्थानीय वरिष्ठ नेतृत्व—जैसे पूर्व मंत्री अवतार हैनरी या विधायक बावा हैनरी—के बजाय कपूरथला से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस के एक बड़े कद के नेता से नजदीकियां बढ़ाई हैं। सूत्रों के अनुसार, यह युवा नेता कई बार कपूरथला के उस वरिष्ठ नेता से मुलाकात कर सेंट्रल हलके से अपनी दावेदारी को लेकर समर्थन मांग चुका है। बताया जाता है कि हाल ही में जब कपूरथला के वे वरिष्ठ नेता किसी कार्यक्रम के सिलसिले में जालंधर पहुंचे थे, तब भी इस युवा नेता ने उनसे मुलाकात कर अपनी बात पार्टी हाईकमान तक पहुंचाने का आग्रह किया था। हालांकि, वरिष्ठ नेता की ओर से फिलहाल केवल यही आश्वासन दिया गया है कि उचित समय पर इस विषय को शीर्ष नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा।
संगठन में चर्चा और संतुलन की चुनौती
दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम से पार्टी को नुकसान पहुंच सकता है। अंदरूनी जंग तेज होने पर इसका असर 2027 के विधानसभा चुनाव में साफ देखने को मिलेगा और इसका फायदा प्रतिद्वंद्वी कैंडिडेट्स को ही मिलेगा। फिलहाल एकजुटता प्रभावित होने के पूरे आसार बन रहे हैं। जिक्रयोग है कि जालंधर सेंट्रल सीट पर कांग्रेस का पारंपरिक आधार रहा है और पूर्व विधायक राजिंदर बेरी का इस क्षेत्र में अपना संगठनात्मक नेटवर्क है।
टिकट देना हाईकमान की मर्जी, ऊपर से आया फरमान सिर-माथे : बेरी
इस संबंध में पूर्व विधायक एवं हलका इंचार्ज रजिंदर बेरी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि टिकट तो कोई भी मांग सकता है। दूसरा कपूरथला के नेता के पांव छूने से बात नहीं बनती। यह सब तो सर्वे पर आधारित होता है। पार्टी के सर्वे में जो ज्यादा असरदार होगा, उसे ही टिकट मिलेगी।







