जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को भी मिला टिकट, पार्टी ने सभी 40 मौजूदा विधायकों पर जताया भरोसा; हरपाल चीमा समेत 13 मंत्रियों के नाम पहली सूची से गायब
मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब

जालंधर : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर पंजाब की सियासत में हलचल मचा दी है। इस सूची में सबसे अहम बात यह है कि पार्टी ने सभी 40 मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है।
दूसरी तरफ जालंधर हल्के की शायरी उम्मीदवारों में से किसी का भी नाम घोषित नहीं किया गया है। सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली, केंट हलका इंचार्ज दीपक बाली, जालंधर कैंट से ही काकू अहलूवालिया में से किसी का नाम पहली सूची में नहीं है। ऐसे में इन नेताओं के नाम पर मोहर लगने को लेकर स॔शय बरकरार है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या आम आदमी पार्टी की कोर कमेटी को इन नाम को लेकर भरोसा नहीं है?
मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर संगरूर जिले की धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, जेल में बंद कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को भी पार्टी ने लुधियाना वेस्ट से उम्मीदवार घोषित किया है।
40 मौजूदा विधायकों को दोबारा मिला मौका
AAP की पहली सूची से साफ संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी ने फिलहाल अपने मौजूदा विधायकों के साथ ही चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है। सभी 40 उम्मीदवारों को उनके मौजूदा विधानसभा क्षेत्रों से टिकट दिया गया है।
पार्टी ने अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, करतारपुर से बलकार सिंह, होशियारपुर से ब्रह्म शंकर जिम्पा और कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवां को उम्मीदवार बनाया है।
जेल में बंद संजीव अरोड़ा पर भी पार्टी का भरोसा
उम्मीदवारों की सूची में सबसे ज्यादा चर्चा कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के नाम को लेकर हो रही है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद संजीव अरोड़ा को पार्टी ने लुधियाना वेस्ट विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया है।
उनकी उम्मीदवारी के साथ पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह अपने नेताओं के साथ खड़ी है। हालांकि, इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होने की संभावना है।
हरपाल चीमा समेत 13 मंत्रियों के नाम पहली सूची से बाहर
पहली सूची में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा समेत 13 मंत्रियों के नाम शामिल नहीं हैं। गुलजार आत्महत्या मामले में हरपाल चीमा का नाम चर्चा में आने के बाद उनके टिकट को लेकर भी राजनीतिक हलकों में अटकलें लगाई जा रही हैं।
हालांकि, पार्टी ने अभी इन मंत्रियों के चुनाव लड़ने या टिकट काटने को लेकर कोई अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं की है। ऐसे में अगली सूची पर सबकी नजरें रहेंगी।
चुनाव से पहले उम्मीदवार घोषित करने की रणनीति
पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं। आम आदमी पार्टी ने पहली सूची में 40 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। समय से पहले उम्मीदवारों के नाम सामने लाने का फायदा पार्टी को चुनाव प्रचार के लिए ज्यादा समय मिलने के रूप में मिल सकता है।
अब बाकी 77 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार है। खास तौर पर उन मंत्रियों और विधायकों की राजनीतिक स्थिति पर नजर रहेगी, जिनके नाम पहली सूची में शामिल नहीं हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या AAP अगली सूची में भी मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताएगी या कुछ विधानसभा क्षेत्रों में नए चेहरों को मौका देकर चुनावी समीकरण बदलने की कोशिश करेगी?







