एन वक्त पर टला ‘पटाखा संकट’: दिवाली में महज 9 दिन शेष, राओवाली-भोगपुर रोड पर ही सजेगा आतिशबाजी का बाजार

कानूनी दांव-पेंच के बाद सर्वसम्मति से हुआ फैसला

मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
जालंधर : 
रोशनी के सबसे बड़े त्योहार दिवाली में अब जब गिनती के महज 9 दिन (8 नवंबर को दिवाली) शेष रह गए हैं, जालंधर की पटाखा मार्केट को लेकर पिछले कई हफ्तों से बना संशय और तनातनी का माहौल आखिरकार खत्म हो गया है। पठानकोट बायपास स्थित ग्राम पंचायत राओवाली और पटाखा मार्केट एसोसिएशन के बीच चल रहा पुराना विवाद 29 अक्टूबर को आपसी सहमति के बाद सुलझ गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ अदालती याचिकाएं वापस ले ली हैं, जिसके बाद अब राओवाली-भोगपुर रोड पर पठानकोट चौक के पास ही पटाखा बाजार सजने का रास्ता साफ हो गया है।

विरोध से कोर्ट के स्टे तक: क्या था पूरा विवाद?

दरअसल, बर्लटन पार्क में खेल स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू होने के कारण इस बार जिला प्रशासन ने पारंपरिक पटाखा मार्केट को गांव राओवाली के पास शिफ्ट करने का फैसला लिया था। लेकिन इसके विरोध में राओवाली पंचायत और ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया था।

  1. अचानक विरोध और प्रदर्शन: सरपंच जसबीर सिंह राणा की अगुवाई में ग्रामीणों ने बिना बातचीत के रिहायशी क्षेत्र में मार्केट बनाने पर सवाल उठाए और जगह बदलने की मांग को लेकर प्रशासन को मांग पत्र सौंपा।

  2. अदालत तक पहुंची जंग: मामला सुलझने की बजाय कानूनी पचड़े में फंस गया। ग्राम पंचायत बनाम विकास भंडारी और विकास भंडारी बनाम ग्राम पंचायत के तहत कोर्ट में याचिकाएं दाखिल हुईं, जिसके बाद अदालत ने राओवाली साइट पर मार्केट लगाने पर रोक (स्टे) लगा दी थी।

  3. व्यापारियों का प्रदर्शन का ऐलान: त्योहार नजदीक आते देख कारोबारियों में गहरा असमंजस फैल गया। पटाखा एसोसिएशन ने 26 अक्टूबर को श्री राम चौक में विरोध प्रदर्शन करने तक की चेतावनी दे डाली थी।

एन वक्त पर बनी बात, कोर्ट से वापस लिए गए केस

दिवाली की तैयारियों में वक्त कम रहने और कारोबारियों के आर्थिक नुकसान की आशंका को देखते हुए अधिवक्ता जगपाल सिंह दुप्पर की मध्यस्थता में बातचीत का दौर शुरू हुआ। सरपंच जसबीर सिंह राणा और पटाखा मार्केट के प्रमुख पदाधिकारियों विकास भंडारी, धीरज कुमार, रवि महाजन और संजीव बाहरी के बीच हुई बैठक में आपसी सहमति बन गई। सहमति के बाद 29 अक्टूबर को अदालत में दोनों पक्षों ने अपने-अपने केस वापस ले लिए, जिन्हें कोर्ट ने ख़ारिज कर दिया।

सुरक्षा का भरोसा और पंचायत का सहयोग

बैठक के दौरान ग्राम पंचायत ने पटाखा कारोबारियों को बाजार के सुचारू संचालन में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं, पटाखा मार्केट एसोसिएशन ने पंचायत को आश्वस्त किया है कि बाजार में सुरक्षा मानकों (फायर सेफ्टी, इमरजेंसी एग्जिट और पर्याप्त पानी) के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। हालांकि, कानूनी पेंच सुलझने के बाद अब अंतिम गेंद जिला प्रशासन के पाले में है, जहां से अस्थायी लाइसेंस और सुरक्षा अनुमति जारी होते ही दुकानें सजनी शुरू हो जाएंगी।

spot_img

Hot this week

मां दर्शी जी के आशीर्वाद से अमृतवाणी-संकीर्तन एवं शुभ-प्रवचन 21 और 22 नवंबर को

* संत शिरोमणि स्वामी सत्यानन्द जी महाराज एवं परम...

Topics

सभी राजनीतिक पार्टियां सिख चेहरों को उचित प्रतिनिधित्व दें: सिख तालमेल कमेटी

मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब जालंधर : सिख तालमेल कमेटी ने...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img