हलका इंचार्ज धीर की दस्तक… लोगों की सुनी दिक्कतें, जल्द समाधान का दिया आश्वासन
जालंधर (मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब)
जालंधर नॉर्थ हलके में आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज और मेयर वनीत धीर ने लोगों के बीच पहुंचकर समस्याएं सुनने की शुरुआत कर दी है। मंगलवार को मेयर वनीत धीर भगत सिंह कॉलोनी पहुंचे, जहां उन्होंने इलाके के लोगों से मुलाकात कर उनकी रोजमर्रा की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने टूटी सड़कों, सीवरेज की समस्या, गंदे पानी की सप्लाई और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों समेत कई समस्याएं उनके सामने रखीं।
लोगों की दिक्कतें दूर करना मेरी प्राथमिकता : हलका इंचार्ज धीर
मेयर वनीत धीर ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी ओर से बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर कार्रवाई करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इलाके में सीवरेज, सड़कों, गंदे पानी और स्ट्रीट लाइटों से जुड़ी समस्याओं को जल्द ठीक करवाने का प्रयास किया जाएगा।
गौरतलब है कि वनीत धीर को जालंधर नॉर्थ हलके की जिम्मेदारी मिलने के बाद वह इलाके में लोगों के साथ संपर्क बढ़ा रहे हैं। इससे पहले सोढल के नजदीक खोले गए अपने कार्यालय में भी वह नियमित तौर पर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से संपर्क कर रहे हैं।
भगत सिंह कॉलोनी में लोगों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही स्थानीय समस्याओं को लेकर अब वे समाधान की उम्मीद कर रहे हैं। लोगों का कहना था कि यदि सीवरेज, सड़कों, पानी और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी समस्याओं का समाधान होता है तो इसका सीधा फायदा इलाके के निवासियों को मिलेगा।

इस मौके पर इलाकावासी परमजीत पम्मा, लक्खा, हरमीत मिश्रा, बिट्टू, नवदीप जग्गा और हसन सोनी समेत शहीद भगत सिंह नगर, मकसूदां के कई लोग मौजूद रहे। लोगों ने मेयर वनीत धीर के सामने अपनी समस्याएं रखीं और जल्द समाधान की मांग की।






