एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में 1 नवंबर का मुकाबला अधर में; बांग्लादेश या ओमान को मिल सकता है मौका, पंजाब हॉकी के सीईओ कुलबीर सिंह सैनी ने कहा- भारतीय टीम पूरी तरह सक्षम
जालंधर (मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब)
पंजाब में 27 अक्टूबर से शुरू होने वाली पुरुषों की एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारत-पाकिस्तान के बीच जालंधर में होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर संकट खड़ा हो गया है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने एशियन हॉकी फेडरेशन से टूर्नामेंट को भारत से बाहर कराने अथवा पाकिस्तान के मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर कराने की मांग की है। ऐसे में 1 नवंबर को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में प्रस्तावित भारत-पाक मुकाबला फिलहाल तय नहीं माना जा सकता।
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष मोहियुद्दीन अहमद वानी ने कहा है कि मौजूदा द्विपक्षीय परिस्थितियों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए यह मांग की गई है। हालांकि पाकिस्तान ने टूर्नामेंट से पूरी तरह हटने की बात नहीं कही है और न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने की इच्छा जताई है।
उधर, हॉकी इंडिया ने पाकिस्तान की वेन्यू बदलने की मांग को स्वीकार नहीं किया है। हॉकी इंडिया की ओर से कहा गया है कि टूर्नामेंट निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक भारत में ही होगा। अगर पाकिस्तान भारत नहीं आता है तो बांग्लादेश या ओमान में से किसी टीम को उसकी जगह शामिल किया जा सकता है।

पंजाब हॉकी के सीईओ कुलबीर सिंह सैनी ने पुष्टि करते हुए कहा कि पाकिस्तान की टीम नहीं आती है तो मुकाबले को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश या ओमान में से किसी टीम के साथ मुकाबला आगे बढ़ाया जा सकता है। सैनी के मुताबिक भारतीय टीम पूरी तरह सक्षम है और किसी भी टीम के खिलाफ खेलने के लिए तैयार है।
सीईओ कुलबीर सिंह सैनी का बयान
“पाकिस्तान की टीम अगर भारत नहीं आती है तो टूर्नामेंट अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगा। बांग्लादेश या ओमान में से किसी टीम के साथ मुकाबला कराया जा सकता है। भारतीय टीम पूरी तरह सक्षम है और किसी भी टीम का मुकाबला करने के लिए तैयार है। हॉकी प्रेमियों को टूर्नामेंट में बेहतरीन मुकाबले देखने को मिलेंगे।”
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब में प्रस्तावित है। लीग चरण के मुकाबले जालंधर में तथा सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली में खेले जाने हैं। भारत, पाकिस्तान, चीन, जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया को प्रतियोगिता में शामिल किया गया था। पाकिस्तान की ताजा स्थिति के कारण अब उसके स्थान पर वैकल्पिक टीम के शामिल होने की संभावना बनी हुई है।






