नकली CIA कर्मचारी बनकर घर की तलाशी लेने पहुंचा था कर्ण कुंद्रा
पहले भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबोचा
जालंधर (मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब) : खुद को सीआईए स्टाफ का कर्मचारी बताकर एक घर की तलाशी लेने पहुंचे युवक को थाना भार्गव कैंप पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान करण कुंद्रा निवासी बस्ती गुजां, जालंधर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि उसके खिलाफ पहले से NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
एसीपी वेस्ट जालंधर आतिश भाटिया ने बताया कि थाना भार्गव कैंप पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात व्यक्ति खुद को सीआईए स्टाफ के कर्मचारी बताकर एक घर की तलाशी ले रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों की मदद से मौके से एक व्यक्ति को काबू किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में उसकी पहचान कर्ण कुंद्रा के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि वह अपनी पहचान सीआईए स्टाफ के कर्मचारी के तौर पर बताकर घर की तलाशी लेने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले में केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
लोग रहें सतर्क, पहले पहचान की करें पुष्टि
इस घटना के बाद लोगों के लिए यह जरूरी है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस, सीआईए स्टाफ या किसी अन्य सरकारी विभाग का कर्मचारी बताकर घर में प्रवेश या तलाशी लेने की कोशिश करे तो बिना वेरिफिकेशन के उसे घर में प्रवेश न करने दें। संबंधित पुलिस अधिकारी या थाने से उसकी पहचान और कार्रवाई की पुष्टि की जा सकती है।
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 112 हैं। इसके अलावा 95929-18501-02 तथा 0181-2240609-10 पर भी संपर्क किया जा सकता है। किसी संदिग्ध व्यक्ति के घर पहुंचने या तत्काल पुलिस सहायता की जरूरत होने पर लोग इन नंबरों पर सूचना दे सकते हैं।
पुलिस कमिश्नरेट जालंधर की ओर से भी लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस या किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी बनकर संदिग्ध तरीके से कार्रवाई करता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।






