सबसे पहले इन तस्वीरों से जानें आप के नॉर्थ हलका इंचार्ज वनीत धीर के इरादे


धीर बोले- विकास पर सवाल उठाने हैं तो पहले अवतार हैनरी के दफ्तर के बाहर धरना दो
मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब
जालंधर : जालंधर नॉर्थ हलके में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए धरने के बाद सियासी टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस के प्रदर्शन पर पलटवार करते हुए आम आदमी पार्टी के जालंधर नॉर्थ हलके के इंचार्ज और मेयर वनीत धीर ने बावा हैनरी और उनके पिता अवतार हैनरी पर सीधा निशाना साधा। वनीत धीर ने कहा कि यदि कांग्रेस को नॉर्थ हलके की समस्याओं को लेकर धरना देना है तो उन्हें अवतार हैनरी के दफ्तर के बाहर धरना देना चाहिए।
हलका इंचार्ज वनीत धीर ने सवाल उठाया कि जालंधर नॉर्थ की जिन समस्याओं को लेकर आज कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है, वे समस्याएं अचानक पैदा नहीं हुईं। कांग्रेस लंबे समय तक इस हलके का प्रतिनिधित्व करती रही है और अब इन्हीं मुद्दों को लेकर धरना दिया जा रहा है।
‘पहले अपने नेताओं से पूछो, इतने सालों में विकास क्यों नहीं हुआ’
मेयर वनीत धीर ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि बावा हैनरी लंबे समय से जालंधर नॉर्थ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पहले यह जवाब मांगना चाहिए कि उनके कार्यकाल और कांग्रेस सरकार के समय हलके की समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं हुआ। धीर ने विशेष तौर पर लम्मा पिंड चौक, बल्टर्न पार्क, दोमोरिया पुल और गाजी गुल्ला की समस्याओं का जिक्र किया और कहा कि इनमें से कई मुद्दे लंबे समय से चले आ रहे हैं।
अवतार हैनरी का पुराना राजनीतिक रिकॉर्ड भी उठाया
वनीत धीर ने अवतार हैनरी के राजनीतिक कार्यकाल का हवाला देते हुए कांग्रेस पर सवाल खड़े किए। उपलब्ध चुनावी रिकॉर्ड के अनुसार अवतार हैनरी ने जालंधर नॉर्थ से 1992, 1997 और 2002 में चुनाव जीता था। 2002 में लगातार तीसरी जीत के बाद उन्हें पंजाब की तत्कालीन कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। इसके बाद उनके बेटे बावा हैनरी ने 2017 में जालंधर नॉर्थ से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीता। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने उन्हें इसी सीट से उम्मीदवार बनाया था।
‘अब AAP काम कर रही है तो कांग्रेस को तकलीफ’
वनीत धीर ने आरोप लगाया कि जिन समस्याओं को लेकर कांग्रेस आज धरना दे रही है, उन पर आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नॉर्थ हलके में विकास कार्यों को तेजी देने का काम किया जा रहा है और इसी कारण कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है। यदि कांग्रेस को वास्तव में नॉर्थ हलके के पिछड़ेपन और विकास कार्यों की चिंता है तो उसे पहले हैनरी पिता-पुत्र से जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने ने नॉर्थ हलके की मौजूदा स्थिति के लिए हैनरी पिता-पुत्र को जिम्मेदार ठहराया और हलके को ‘नर्क’ बना देने की बात कही।






