जालंधर (मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब): डीएवी कॉलेज जालंधर परिसर में पंजाबी गायक हरिंदर पाल सिंह निज्जर के गीत की शूटिंग के दौरान खुलेआम हथियारों (गन कल्चर) के प्रदर्शन को लेकर बढ़ा विवाद अब गहराता जा रहा है। पुलिस थाना डिविजन नंबर 1 द्वारा दर्ज FIR नंबर 304/2026 के बाद सीनियर कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी संजय सहगल ने पुलिस कमिश्नर जालंधर को पत्र लिखकर कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपुल की भूमिका पर सवाल उठाए हैं और उन्हें इस मामले में नामजद करने की मांग की है।
मामला क्या है? (FIR No. 304/2026 का ब्यौरा) डीएवी कॉलेज केंपस में पंजाबी गायक निज्जर द्वारा अपने नए गाने की शूटिंग की गई थी। इस शूटिंग की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें गायक के पीछे खड़े युवकों को खुलेआम बंदूकें व हथियार लहराते देखा गया। शैक्षणिक संस्थान के माहौल को प्रभावित करने और गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोपों पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए गायक निज्जर और उसके सहयोगियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 223, 190 और आर्म्स एक्ट की धारा 25-30 के तहत थाना डिविजन नंबर 1 में एफआईआर नंबर 304/2026 दर्ज की है।
सहगल ने पत्र में उठाई 5 मुख्य मांगें संजय सहगल ने पुलिस कमिश्नर को भेजे पत्र में कहा कि डीएवी कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपुल इस गतिविधि से पूरी तरह वाकिफ थे और उनकी अनुमति से ही यह शूटिंग हुई है। उन्होंने मांग की कि:
जांच अधिकारी को निर्देश दिए जाएं कि वे शूटिंग की अनुमति देने में कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपुल की भूमिका की निष्पक्ष जांच करें।
प्रिंसिपुल के बयान दर्ज कर अनुमति पत्र, आधिकारिक पत्राचार और सीसीटीवी फुटेज जुटाए जाएं।
लापरवाही और संलिप्तता पाए जाने पर कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपुल के नाम FIR 304/2026 में जोड़े जाएं।
बिना किसी दबाव के साक्ष्य-आधारित निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएवी प्रबधंन (Management) निष्पक्ष जांच लंबित रहने तक प्रिंसिपुल को तुरंत पद से हटाए।






