जालंधर (मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब) : श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक राहत भरी और बड़ी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IRCTC) ने भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से ‘दक्षिण भारत यात्रा’ शुरू करने की घोषणा की है। 12 रात और 13 दिनों की यह आध्यात्मिक यात्रा 14 नवंबर 2026 को जम्मू रेलवे स्टेशन से शुरू होगी। इस यात्रा के जरिए उत्तर भारत और आसपास के राज्यों के यात्रियों को एक ही ट्रेन से दक्षिण भारत के सबसे प्रमुख और पवित्र धार्मिक स्थलों का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा।
13 दिनों की यात्रा में शामिल प्रमुख धार्मिक स्थल इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के 5 प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों के दर्शन कराए जाएंगे:
रामेश्वरम: श्री रामनाथस्वामी मंदिर
मदुरै: प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर
कन्याकुमारी: स्थानीय दर्शनीय स्थल
तिरुपति: भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर (तिरुपति बालाजी)
मार्कपुर: मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग मंदिर
मुख्य बोर्डिंग/डी-बोर्डिंग (चढ़ने और उतरने के) स्टेशन यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन के ठहराव कई प्रमुख स्टेशनों पर रखे गए हैं। श्रद्धालु जम्मू, पठानकोट जंक्शन, अमृतसर जंक्शन, जालंधर सिटी, लुधियाना जंक्शन, एसएएस नगर मोहाली, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र जंक्शन, करनाल, पानीपत जंक्शन, सोनीपत जंक्शन, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट, ग्वालियर जंक्शन और वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) स्टेशनों से ट्रेन में सवार हो सकते हैं और वापसी में यहीं उतर सकते हैं। इस संबंध में वीरवार को सिटी रेलवे स्टेशन पर हर्षदीप जॉइंट जनरल मैनेजर (टूरिज्म), सिटी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट हरिदत्त शर्मा, पीआरओ विक्रांत ने जानकारी दी।
पैकेज कैटगरी और किराया (प्रति व्यक्ति दरें) IRCTC ने इस यात्रा को तीन अलग-अलग श्रेणियों में बांटा है:
स्लीपर (इकोनॉमी श्रेणी – 480 सीटें): वयस्कों के लिए किराया ₹26,895 प्रति व्यक्ति और बच्चों (5-11 वर्ष) के लिए ₹25,390 निर्धारित है। इसमें नॉन-एसी होटल आवास और नॉन-एसी बसों में लोकल ट्रांसफर शामिल है।
3AC (स्टैंडर्ड श्रेणी – 210 सीटें): वयस्कों के लिए किराया ₹42,605 प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए ₹40,835 है। इसमें एसी होटल आवास और नॉन-एसी बसों में ट्रांसपोर्ट सुविधा दी जाएगी।
2AC (कंफर्ट श्रेणी – 50 सीटें): वयस्कों के लिए किराया ₹56,830 प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए ₹54,705 है। इसमें एसी होटल आवास और एसी बसों द्वारा भ्रमण कराया जाएगा।
पैकेज में क्या-क्या शामिल है? पैकेज शुल्क के भीतर यात्रियों को कन्फर्म ट्रेन टिकट, ऑन-बोर्ड और ऑफ-बोर्ड शाकाहारी भोजन, ट्विन/ट्रिपल शेयरिंग के आधार पर ठहरने की व्यवस्था, बसों द्वारा साइटसीइंग और ट्रांसफर, पैरामैडिकल सपोर्ट, हाउसकीपिंग, सुरक्षा और यात्रा बीमा (Travel Insurance) की सुविधाएं मिलेंगी। हालांकि, किसी भी स्मारक का प्रवेश शुल्क, बोटिंग या व्यक्तिगत खर्च यात्री को स्वयं वहन करना होगा।
बुकिंग और संपर्क जानकारी यात्रा की बुकिंग कराने या अधिक जानकारी के लिए श्रद्धालु IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com पर जा सकते हैं। इसके अलावा फोन नंबरों 0172-4645795, 7888831633, 7888831635, 8595930980 या IRCTC के चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय (SCO 150-152, ग्राउंड फ्लोर, सेक्टर 34-A, चंडीगढ़) से भी संपर्क किया जा सकता है।






