एनएचएम मुलाजिमों ने सेहत मंत्री के हलके में की रोष रैली, धरना लगाया
पटियाला (मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब) : आसमान से बरसती भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच एनएचएम (NHM) कर्मचारियों का गुस्सा और भी ज्यादा उबल पड़ा। एनएचएम एम्प्लॉयज यूनियन पंजाब के आह्वान पर आज पूरे पंजाब से भारी संख्या में पहुंचे कर्मचारियों ने पटियाला के पुड्डा ग्राउंड में इकट्ठा होकर पंजाब सरकार और स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ प्रचंड रोष प्रदर्शन किया। कड़कड़ाती धूप और भीषण गर्मी की परवाह किए बिना कर्मचारियों ने पुड्डा ग्राउंड से स्वास्थ्य मंत्री की कोठी तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान “पंजाब सरकार ने कीता की? हेराफेरी, 420…” जैसे तीखे नारों से पटियाला की सड़कें गूंज उठीं और कर्मचारियों ने सरकार का जोरदार पिट स्यापा किया।
इस रोष प्रदर्शन और रैली के संबंध में एनएचएम हेड जालंधर, डॉ. पंखुड़ी कमल ने बताया कि लंबे समय से अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष कर रहे ठेका कर्मचारियों में सरकार के टालमटोल वाले रवैये को लेकर भारी आक्रोश है।
यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष मैडम संदीप कौर ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग के साथ करीब 52 बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन सरकार केवल झूठे दिलासे दे रही है। उन्होंने कहा कि पिछली बैठक में मांगों को हल करने के बजाय नौकरी से निकालने की धमकियां दी गईं, जो बेहद निंदनीय है। संदीप कौर ने याद दिलाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पहले वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, विधायक अनमोल गगन मान और मौजूदा सांसद मीत हेयर ने धरने में बैठकर कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था। लेकिन साढ़े चार साल में वेतन में एक पैसा भी नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगे न मानी गईं तो स्वास्थ्य मंत्री की कोठी के बाहर पक्का धरना दिया जाएगा।
रैली में विभिन्न जिलों के नेताओं—डॉ. वाहिद (मलेरकोटला), जगदेव सिंह (मानसा), सुखजीत कंबोज (रोपड़), गुलशन शर्मा (फरीदकोट), अमंदीप सिंह और दिनेश गर्ग (पटियाला)—ने भी संबोधित किया। नेताओं ने साफ किया कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आने वाले दिनों में वित्त मंत्री और मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्रों में भी इसी तरह की रैलियां की जाएंगी।






