अचीवर्स और प्रोग्रेसिव के प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत, परिवार भी वोट मांगते दिखे; सुबह से क्लब के बाहर बना चुनावी माहौल
जालंधर (मनदीप शर्मा, जागरूक पंजाब) : जिमखाना क्लब चुनाव को लेकर रविवार सुबह से ही क्लब परिसर में खासा उत्साह देखने को मिला। 33 डिग्री तापमान और उमस भरी गर्मी के बावजूद अचीवर्स और प्रोग्रेसिव ग्रुप के सभी कैंडिडेट्स ने अपने-अपने पक्ष में वोट जुटाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। सुबह से ही क्लब के अंदर और बाहर चुनावी रौनक नजर आई। समर्थक बैनर और तख्तियां लेकर खड़े रहे, जबकि कई परिवार भी अपने प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांगते दिखाई दिए।
गोल्डी ने संजीव शर्मा के साथ संभाली कमान

अचीवर्स ग्रुप से जॉइंट सेक्रेटरी बने हरप्रीत सिंह गोल्डी ने अपने अटूट समर्थक संजीव शर्मा के साथ ग्रुप के कैंडिडेट्स के लिए कमान संभाली। गर्मी और उमस की परवाह किए बिना दोनों लगातार मेंबर्स से संपर्क करते और अपने ग्रुप के प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाते नजर आए।
मेंबर संजीव शर्मा ने कहा कि चुनाव में जो भी जीते, उसे क्लब की भलाई के लिए काम करना चाहिए। सभी को एकजुटता के साथ आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेंबर्स को क्लब की भलाई और क्लब के जरूरी कामों को करने में सक्षम कैंडिडेट्स को ही वोट देना चाहिए।
एक-एक वोट के लिए प्रयास… जुबिन शंगारी के चेहरे पर चमक बरकरार

अचीवर्स ग्रुप की तरफ से चुनाव मैदान में एग्जीक्यूटिव पद के दावेदार जुबिन शंगारी के चेहरे पर तपती धूप के बीच भी रौनक बरकरार रही। बोले- क्लब मेरा परिवार है और इसके सदस्य मेरे घर के मेंबर हैं। कोई भी हारे या जीते, क्लब की बेहतरी के लिए काम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे तो वैसे ही सबसे छोटे हैं। क्लब का हर कैंडिडेट उनसे बड़ी उम्र का है। उन्हें तो सबका मार्गदर्शन चाहिए और अपने विजन के साथ वे आगे बढ़ते रहेंगे।
शालिनी कालड़ा के समर्थन में अक्षय कालड़ा भी सक्रिय

वहीं, शालिनी कालड़ा के पति अक्षय कालड़ा भी समर्थकों के साथ चुनावी मैदान में सक्रिय नजर आए। समर्थकों के साथ जीत का निशान बनाते हुए उन्होंने कहा कि उनका मोटिव सिर्फ क्लब की भलाई के लिए काम करना है।
गर्मी-उमस के बावजूद समर्थकों का जोश बरकरार, स्टाफ ने निभाई जिम्मेदारी

सुबह से ही क्लब के आसपास समर्थकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। तेज गर्मी और उमस के बावजूद कैंडिडेट्स लगातार मेंबर्स से संपर्क करते रहे। दोनों ग्रुपों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे रहे। क्लब पहुंचने वाले मेंबर्स के बीच भी चुनाव को लेकर चर्चाएं होती रहीं। वहीं दूसरी तरफ चुनाव को सिरे चढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से लगाई गई टीम के सदस्य पूरी तन्मयता से अपना काम करते दिखे।
स्काई लार्क चौक से जिमखाना रोड बंद
चुनाव के मद्देनजर स्काई लार्क चौक से जिमखाना रोड बंद की गई। इसके चलते पब्लिक को सिंगल लेन से ही गुरु नानक मिशन चौक की तरफ जाना पड़ा। सड़क पर चुनावी गतिविधियों के कारण सुबह से ही इलाके में अलग तरह की रौनक बनी रही। गर्मी, उमस और लगातार बढ़ती चुनावी सरगर्मी के बीच जिमखाना क्लब का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। कैंडिडेट्स से लेकर समर्थकों तक हर कोई अपने-अपने ग्रुप की जीत के लिए अंतिम समय तक जोर लगाता दिखाई दिया।






