गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर दो आरोपियों को दबोचा, पूछताछ में एक अन्य चोरी की एक्टिवा भी बरामद
जालंधर : कमिश्नरेट की टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन चोरी की एक्टिवा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर एडीसीपी-1 और एसीपी सेंट्रल की निगरानी में थाना डिवीजन नंबर-4 की टीम ने 15 जुलाई 2026 को गश्त के दौरान भगवान वाल्मीकि चौक के पास कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आकाश पुत्र गंजू, निवासी गली नंबर-1, शिव मंदिर के पास, शीतल नगर, जालंधर तथा हरमनदीप सिंह उर्फ हरमन, पुत्र बलवंत सिंह, निवासी गली नंबर-1, शिव मंदिर के पास, शीतल नगर, जालंधर चोरी की एक एक्टिवा को बेचने की फिराक में नकोदर रोड से सिक्का चौक की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने सिक्का चौक के पास नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को उक्त एक्टिवा सहित काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह एक्टिवा कुछ दिन पहले मॉडल टाउन क्षेत्र से चोरी की थी। इसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को 16 जुलाई को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में पुलिस ने 17 जुलाई को दो और बिना नंबर वाली ग्रे रंग की एक्टिवा तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल फोन में एक OPPO और दूसरा VIVO कंपनी का बताया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद किए गए अन्य वाहन किन-किन स्थानों से चोरी किए गए थे तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी भूमिका की जांच की जा रही है।

